लखनऊ में पैर पसार रहा कोरोना: मिले पांच नए मरीज, कुल मामले हुए इतने

लखनऊ में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को राजधानी में पांच नए मरीजों की पुष्टि हुई, जिसके बाद शहर में सक्रिय मामलों की संख्या 20 हो गई है। अब तक लखनऊ में कुल 43 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।

नए मरीजों में एक 54 वर्षीय महिला (कृष्णानगर) और चार पुरुष शामिल हैं, जिनमें 81 वर्षीय (दिलकुशा), 75 वर्षीय (राणा प्रताप मार्ग), 55 वर्षीय (न्यू हैदराबाद), और 27 वर्षीय (हजरतगंज) निवासी हैं। इन मरीजों की कोई यात्रा इतिहास नहीं मिला है। स्वास्थ्य विभाग ने परिजनों के नमूने लेने शुरू कर दिए हैं, और सभी मरीज होम आइसोलेशन में हैं।

भारत में नया निमबस वेरिएंट:
सिंगापुर और हांगकांग में कोविड की नई लहर का कारण बनने वाला निमबस (NB.1.8.1) वेरिएंट अब भारत में भी दस्तक दे चुका है। पुणे और चेन्नई में इस वेरिएंट के एक-एक मामले सामने आए हैं। पुणे स्थित ICMR-NIV ने जीनोम सीक्वेंसिंग के जरिए इसकी पुष्टि की है। ICMR-NIV के निदेशक डॉ. नवीन कुमार के अनुसार, यह वेरिएंट गंभीर खतरा नहीं है, और अब तक इसके लक्षण मध्यम स्तर के पाए गए हैं।

अप्रैल 2025 से कोविड मामलों में तेजी के पीछे ओमिक्रॉन का उप-स्वरूप JN.1.16 था, लेकिन अब XFG (SF.7 और LP.8.1.2) नामक पुनः संयोजित वेरिएंट इसका स्थान ले रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि निमबस वेरिएंट अधिक संक्रामक हो सकता है, लेकिन मौजूदा टीके और पूर्व संक्रमण से मिली प्रतिरक्षा अभी भी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान कर सकती है।

LIVE TV