CM योगी ने मेधावी छात्रों के खातों में ट्रांसफर की छात्रवृत्ति, कहा- पहले भेदभाव होता था

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वदशम/दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना 2021-22 के अंतर्गत 12,17,631 मेधावी छात्रों को 458.66 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति का ऑनलाइन हस्तांतरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, पिछले 4 साल में हमारी सरकार ने पहले जितने बच्चों को छात्रवृत्ति मिलती थी उसमें 40 लाख से ज्यादा और बच्चों को जोड़ने का कार्य किया है। पिछली सरकारें भेदभाव करती थी। 2016-17 में अनुसूचित जाति-जनजाति के बच्चों की छात्रवृत्ति ही रोक दी थी।

Image

दरअसल, राज्य सरकार हर साल करीब 56 लाख से अधिक गरीब परिवारों के छात्र-छात्राओं को दशमोत्तर छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति और पूर्व दशम छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्रदान करती है। हालांकि, हर साल छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम दो अक्टूबर और 26 जनवरी को होता है, चूंकि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में सरकार की कोशिश है कि दिसंबर तक सभी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति मिल जाए।

बता दें कि सरकार इस साल दो अक्टूबर को पहले चरण की छात्रवृत्ति वितरित कर चुकी है। इसमें करीब डेढ़ लाख छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई थी। मुख्यमंत्री ने 30 नवंबर तक बचे हुए छात्रों को भी सारी छात्रवृत्ति देने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत 12.17 लाख और छात्र-छात्राओं को गुरुवार को मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पांच कालिदास मार्ग से छात्रवृत्ति दी गई।

LIVE TV