
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के सभी संगठित, असंगठित 03 करोड़ 81 लाख कामगारों और निर्माण श्रमिकों को भरण-पोषण भत्ता वितरण किया। योजना के प्रथम चरण में सीएम योगी लगभग 1.50 करोड़ कामगारों को भरण-पोषण भत्ता/हितलाभ की 500 प्रतिमाह की दर से 02 माह की धनराशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि पहली बार श्रमिकों की चिंता करने वाली सरकार है। चाहे वो केंद्र में मोदी जी के नेतृत्व की सरकार हो या प्रदेश की सरकार। 2017 के पहले श्रमिक शोषण का शिकार होता था। शासन की किसी भी योजना का लाभ नहीं पाता था। न उसके पास मकान होता था, न बिजली का कनेक्शन होता था, न राशनकार्ड होता थ। बरसात में कई दिन भूखा रहना पड़ता था। क्योंकि रसोई गैस का कनेक्शन नहीं था।
बता दें कि इसमें दिसंबर से मार्च यानी चार माह तक पांच- पांच सौ रुपये भत्ता दिया जाएगा। कुल दो हजार रुपये दिए जाने हैं जिसकी एक एक हजार रुपये की दो किश्तें जारी होंगी। इस समय प्रदेश में कुल पंजीकृत कामगारों की संख्या पांच करोड़ 90 लाख आठ हजार 745 है। इसमें से ई श्रम पोर्टल पर पंजीकृत असंगठित कामगारों की संख्या 3 करोड़ 81 लाख 60 हजार 725 और बीओसीडब्लू बोर्ड के अंतर्गत कुल पंजीकृत कामगारों की संख्या एक करोड़ 27 लाख 48 हजार 20 है। इनमें से पहले चरण में कुल दो करोड़ कामगारों के खाते में भरण पोषण भत्ता भेजा जाएगा।