भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिल्ली सरकार से कोरोना से हुई मौतों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग रखी है। साथ ही उन्होंने कोरोना से हुई मौतों के आंकड़ों को लेकर कई सवाल पूछे हैं। अप्रैल और मई में दिल्ली के 3 नगर निगमों द्वारा लगभग 34,750 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं लेकिन दिल्ली सरकार के सरकारी आंकड़े 9,916 प्रमाण पत्र हैं। मृतकों के जो आंकड़े दिखाए गए और जो वास्तविक संख्या है उसमें 250% बढ़ोतरी है।

संबित पात्रा ने कहा, 2 महीनों के कोविड के सरकारी आंकड़े 13,201 रहे। नगर निगम के आंकड़ों और आधिकारिक आंकड़ों का अंतर 21,549 है। 21,000 से अधिक मौतों का कोई हिसाब देने को तैयार नहीं है। दिल्ली की सरकार इस पर सफाई दे।
संबित पात्रा ने सवाल किया कि, केजरीवाल क्या ये हकीकत है कि जिस समय कोविड की दूसरी लहर अपने चरम पर थी, जानबूझकर और अपनी सरकार की साख को बचाने के लिए आपने दिल्ली में टेस्टिंग की संख्या को कम कर दिया? पात्रा ने आरोप लगाया कि, अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि हम दिल्ली में ऑक्सीजन की होम डिलीवरी करेंगे। लेकिन आज आप शराब की होम डिलीवरी कर रहे हैं। दवाओं, ऑक्सीजन की होम डिलीवरी में आप सफल नहीं रहे हैं।