भारत सरकार और भारतीय जनता पार्टी में अहम हिस्सा मानी जाने वाली स्मृति ईरानी ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की. जिसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और फिर राजनीति में रुख कर लिया. इस लंबे सफर में उन्होंने कई मुश्किलों का सामना किया लेकिन कभी हार नहीं मानी और आज वो हर स्त्री के लिए एक उच्च उदाहरण बन चुकी हैं. स्मृति आज अपना 44वां जन्मदिन मना रहीं हैं. आइए जानते हैं उनके जीवन के बारे में कुछ अनसुनी बातें….

स्मृति ईरानी का जन्म 23 मार्च 1976 को दिल्ली में हुआ था। स्मृति ईरानी 3 बहनों में सबसे बड़ी हैं। स्मृति ने होली चाइल्ड ऑक्जिलियम स्कूल से 12वीं क्लास तक पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने स्कूल ऑफ लर्निंग (पत्राचार), दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला लिया था।
स्मृति ने सौंदर्य प्रसाधनों के प्रचार से लेकर मिस इंडिया प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। 1998 में स्मृति ने मिस इंडिया पेजेंट फाइनलिस्ट में अपनी जगह बनाई। इसी साल वह मीका सिंह के एल्बम ‘सावन में लग गई आग’ के गाने ‘बोलियां’ में परफॉर्म करती नजर आईं। खास बात है कि मॉडलिंग में आने से पहले स्मृति McDonald’s में भी काम कर चुकी हैं।
साल 2000 में स्मृति ने सीरियल ‘आतिश’ और ‘हम हैं कल आज और कल’ से छोटे परदे पर एंट्री ली। दोनों ही सीरियल स्टार प्लस पर प्रसारित होते थे हालांकि, उन्हें पहचान एकता कपूर के शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से मिली। जिससे वह घर-घर में एक जाना-पहचाना चेहरा बन गईं। बहुत ही कम लोग इस बात को जानते होंगे कि ‘तुलसी विरानी’ का रोल कर मशहूर हुईं स्मृति ईरानी को पहले एकता कपूर की टीम ने रिजेक्ट कर दिया था।
स्मृति ने यह खुलासा करते हुए बताया था कि, ‘मैं 20 साल तक टीवी से जुड़ी रही। इसने मुझे इंडियन पॉलिटिक्स में आने का प्लेटफॉर्म दिया और मैं इसके लिए हमेशा टीवी की आभारी रहूंगी। इसके अलावा, एकता कपूर ने मुझे बहुत सपोर्ट किया है। कई लड़कियों के साथ जब मैं उनके यहां ऑडिशन देने गई थी तो मैं टीवी के लिए फिट नहीं थी। टीम के रिजेक्ट करने के बावजूद एकता ने मुझे शो के लिए सेलेक्ट किया। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के लिए स्मृति को पांच इंडियन टेलीविजन एकेडमी अवॉर्ड्स, चार इंडियन टेली अवॉर्ड्स और आठ स्टार परिवार अवॉर्ड्स मिले थे।
इसके अलावा स्मृति ने 2001 में पौराणिक सीरियल ‘रामायण’ में सीता का किरदार भी निभाया था। उन्होंने ‘विरुद्ध’ ‘तीन बहुरानियां’ और ‘एक थी नायिका’ जैसे कई सीरियल्स में भी काम किया। 2001 में उन्होंने पारसी एंटरप्रेन्योर जुबिन ईरानी से शादी कर ली। जुबिन की पहली पत्नी का नाम मोना था। मोना और स्मृति पहले से ही दोस्त थे। जुबिन और मोना के अलग होने के बाद जुबिन ने स्मृति से शादी की। उनके एक बेटा और बेटी हैं। इसके अलावा स्मृति की एक सौतेली बेटी शानेल भी हैं। शानेल जुबिन और उनकी पहली पत्नी मोना की बेटी हैं। साल 2003 में स्मृति ईरानी भारतीय जनता पार्टी जुड़ीं और टीवी की दुनिया से किनारा कर लिया।