कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का निधन, राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर

बिहार में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह (Sadanand Singh) का निधन हो गया। सदानंद सिंह के निधन से पार्टी में शोक की लहर है। सदानंद मूल रूप से भागलपुर जिले के रहने वाले थे, जो काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जिसके बाद उनको इलाज के लिए पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक सदानंद सिंह का निधन पटना के सगुना मोड़ स्थित क्यूरिस अस्पताल में हुआ है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद विभिन्न दलों के नेताओं ने जाकर उनसे अस्पताल में मुलाकात की थी। सदानंद सिंह के निधन के बाद से बिहार के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।

Bihar Congress leader Sadanand Singh death these leaders including Tejashwi Yadav expressed grief

सदानंद सिंह के निधन पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने शोक व्यक्त किया है। मांझी ने कहा कि सदानंद सिंह उनके पुराने साथी थे। सदानंद सिंह बिहार सरकार में मंत्री और विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके थे। पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन भी सदानंद सिंह से मिलने हॉस्पिटल गए थे।

वहीं, सदानंद सिंह के निधन पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने लिखा, ‘बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सदानंद सिंह के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका लंबा सामाजिक-राजनीतिक अनुभव रहा। वो एक कुशल राजनेता थे। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।’

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने सदानंद सिंह को पिता तुल्य बताया। उन्होंने लिखा, ‘बिहार के सर्वमान्य नेता, कांग्रेस के योद्धा, मेरे पिता तुल्य सदानंद सिंह का आज स्वर्गवास हो गया। एक राजनीतिक युग का अवसान हुआ। आपका हंसता हुआ चेहरा हमेशा याद आएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके परिवार को इस असहनीय दुःखद घड़ी को सहने की शक्ति दे।’

गौरतलब है कि सदानंद सिंह बिहार में कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ राजनेता थे। वो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा लंबे समय तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे थे। सदानंद साल 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे साक ही करीब 10 साल से कांग्रेस विधायक दल के नेता के पद पर रहे। सदानंद बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा राज्यमंत्री रह चुके थे। उनके सभी दलों के नेताओं से काफी मधुर संबंध थे साथ ही वो लोगों के बीच भी काफी लोकप्रिय थे।

LIVE TV