Bihar Assembly Election 2020: चुनाव परिणाम से पहले राजद ने जारी की अनुशासन की गाइडलाइन-जानिए क्या कहा

एग्जिट पोल के अनुमान आने के बाद से राजनीतिक दलों में हलचल बढ़ गयी है।एग्जिट पोल के अनुमान को देखते हुए सभी दलों की ओर से अभिव्यक्ति भी आनी शुरू हो गयी है। सभी एजेंसियों ने अपने-अपने अनुमान में महागठबंधन को बढ़त दिलाई है। ऐसे में राष्ट्रीय जनता दल. कांग्रेस एवं वामदलों में कुछ ज्यादा ही उत्साह है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी इसका अहसास है जिसे देखते हुए राजद ने अपने कार्यकर्ताओं से दोनों ही स्थितियों में धैर्य बनाये रखने का आग्रह किया है।

राजद की ओर से कहा गया है कि मतगणना के बाद जैसे ही रुझान आने शुरू होंगे, जीत-हार की संभावनाओं के आधार पर प्रत्याशियों और विभिन्न दलों के समर्थकों की ओर से अभिव्यक्ति भी सड़कों पर दिख सकती है। मतगणना में जो पार्टी आगे चल रही होगी, उसके समर्थक उत्साह में सड़कों पर अनुचित प्रदर्शन भी कर सकते हैं। जिसको लेकर राजद ने अपने कार्यकर्ताओं के लिए अनुशासन की गाइडलाइन जारी की है।

राजद के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से हिदायत दी गई है कि राजद के सभी कार्यकर्ता पूरी तरह अनुशासन बनाये रखें। मंगलवार को चुनाव परिणाम आने हैं नतीजे कुछ भी हो सकते हैं। दोनों ही हालात को पूरे सयंम, सादगी एवं शिष्टाचार से स्वीकारना है। अनुचित आतिशबाज़ी, हर्ष फायरिंग नहीं करना है। दूसरे दल अथवा उनके समर्थकों के साथ अशिष्ट व्यवहार नहीं करना है। राजद ने चेताया है कि इस तरह का व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जायेगा।

वहीं राजद ने अपने कार्यकर्ताओं को हिदायत देते हुए कहा कि नतीजे पक्ष में आएं या खिलाफ में, हमारी राजनीति की परिधि या रास्ते में केवल आम जन की सुविधा एवं उनके उत्थान का ख्याल ही रहना चाहिए। ऐसे में परिणाम कैसे भी हों हमें धैर्य बनाये रखना है। अनुचित प्रदर्शन कदापि नहीं करना है।

LIVE TV