अयोध्या : शुक्ल पक्ष पंचमी से 21 किलो चांदी के भव्य झूले में विराजमान होंगे रामलला

अयोध्या में रामलला पहली बार सावन में चांदी के झूले पर विराजमान होंगे। अस्थाई मंदिर में विराजमान रामलला के लिए 21 किलो चांदी का झूला ट्रस्ट की ओर से निर्मित करवाया गया है। अस्थाई राम मंदिर में पंचमी से रामलला के झूलन उत्सव का श्रीगणेश हो जाएगा।

अस्थाई मंदिर में भी झूलनोत्सव की व्यवस्था शीर्षक से खबर छाप कर ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया था। टेंट के बाहर निकालकर अस्थाई मंदिर में विराजमान होने के बावजूद रामलला अभी तक झूलनोत्सव से वंचित थे। यह पहली बार हुआ है जब रामलला के दरबार में झूलन उत्सव की धूम होगी। भगवान श्री रामलला श्रवण शुक्ल पक्ष पंचमी से चांदी के पलने में झूला झूलेंगे। इसके लिए 5 फुट ऊंचा 21 किलो चांदी का विशेष आकर्षक झूला परिसर में पहुंच गया है।

श्री राम जन्मभूमि परिसर में श्रावण मास की पंचमी तिथि से सावन झूला उत्सव की परंपरा है। हालांकि अयोध्या के सभी मठ मंदिर में तृतीया से ही झूलन उत्सव शुरु हो गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा ने कहा कि राम जन्मभूमि में भी श्री रामलला झूलनोत्सव पंचमी से मनाया जाएगा। इसके लिए चांदी का झूला लाया गया है। जिस पर पंचमी तिथि को श्री रामलला अपने भाइयों के साथ विराजमान होंगे। इस दौरान विधि-विधान से पूजन अर्चन के साथ उत्सव का श्रीगणेश होगा।

LIVE TV