भूकंप प्रभावित इंडोनेशिया के दूरदराज इलाकों में पहुंची सहायता

जकार्ता। इंडोनेशिया में सुलावेसी द्वीप के दूरदराज के इलाकों में राहत सहायता पहुंचनी शुरू हो गई है। रेड क्रॉस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पिछले सप्ताह द्वीप में रिएक्टर पैमाने पर 7.5 की तीव्रता पर आए भूकंप और सुनामी के चलते मची तबाही व विभिन्न हादसों में 1,500 लोगों की मौत हुई है।

भूकंप प्रभावित इंडोनेशिया

रेड क्रॉस के प्रवक्ता आइरिश वैन डीन्स ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि स्थानीय अधिकारियों और गैर-सरकारी संगठनों द्वारा डोंगगला और अन्य दूरदराज के इलाकों जैसे सिजी में सहायता प्रदान की जा रही है।

वैन डीन्स ने कहा कि रेड क्रॉस ने शुक्रवार को सुलावेसी प्रांत की राजधानी पालू के सबसे प्रभावित हिस्सों में से एक डोंगगला और बालारोआ में 1,000 परिवारों को तिरपाल वितरित किया।

रेड क्रॉस का एक हेलीकॉप्टर और इंडोनेशियाई सेना से जुड़े कई अन्य हेलीकॉप्टर खाद्य और बुनियादी सहायता प्रदान करने के लिए दूरदराज के इलाकों में उड़ान भर रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः सुंदर पिचाई ने ‘मेवन’ परियोजना को लेकर पेंटागन अधिकारियों से मुलाकात की

प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने पर काम चल रहा है। पालू में बैंकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को फिर से खोल दिया गया है।

सबसे प्रभावित क्षेत्रों जैसे पालू के दक्षिण-पश्चिम में करीब सात किलोमीटर दूर पेटोबो गांव और बालारोआ में शवों को हटाने का काम अभी भी जारी है, जहां एनजीओ कार्यकर्ताओं का अनुमान है कि 1,000 से ज्यादा लोग अभी भी मलबे में दफन हो सकते हैं।

आधिकारिक रूप से शुक्रवार को मृतकों की संख्या 1,571 बताई गई, जबकि घायलों की संख्या 2,549 हो गई। 152 लोग अभी भी लापता हैं। 70,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।

LIVE TV