बेटियों को सुरक्षा देने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया उपवास

आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने बेटियों को न्याय दिलाने के लिए आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर प्रदेश के सभी तहसील मुख्यालयों पर गांधी प्रतिमा के सामने अनशन किया। एक दिवसीय उपवास के माध्यम पार्टी ने ये मांग रखी कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की बेटियों को सुरक्षा प्रदान करें और अगर वो ऐसा नहीं कर सकते, तो तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे दे। पार्टी की ओर से बताया गया कि पुलिस ने आम आदमी पार्टी के सांसद व प्रदेश प्रभारी संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह सहित कई कार्यकर्ताओ को प्रदेश भर में हिरासत में लिया। उन्हें प्रयागराज में पुलिस ने हिरासत में लिया| इस बीच पार्टी के मुख्य प्रवक्ता वैभव माहेश्वरी समेत पूरे प्रदेश में तमाम पदाधिकारियों को पुलिस ने  घर में ही नजरबंद कर दिया।

लखनऊ में सदर तहसील पर महिला विंग की सुभावनी मिश्रा, बख्शी का तालाब में सह प्रभारी ब्रिज कुमार सिंह, सरोजिनी नगर में वरिष्ठ नेता बृजेश तिवारी, मलिहाबाद में वरिष्ठ नेता अफरोज आलम,प्रदेश के मुरादाबाद में ज़िला अध्यक्ष जाबिर हुसैन,उन्नाव में महेंद्र बहादुर सिंह ज़िला अध्यक्ष,चित्रकूट में संतोषी लाल शुक्ला ज़िला अध्यक्ष मैंनपूरी में अनुराग श्रीवास्तव ज़िला अध्यक्ष,शामली में राजेंद्र सिंह पहलवान ज़िला अध्यक्ष के नेतृत्व में तथा अन्य जनपदों के तहसीलों पर स्थानीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में ये अनशन हुआ।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि महिलाओ के साथ हो रही बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराधों को रोकने में नाकाम प्रदेश की योगी सरकार ने अपराध के खिलाफ आवाज उठाने वालों के खिलाफ ही दमन चक्र शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश में जगह-जगह आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और घर में नजरबंद कर दिया गया। ऐसा इसलिए किया गया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बलात्कार और हत्या की शिकार प्रदेश की बच्चियों के परिवार को न्याय दिलाने के लिए गांधी के देश पर गांधी जयंती पर शांति पूर्वक अहिंसक ढंग से उपवास और अनशन कर रहे थे मगर योगी सरकार को विरोध बर्दाश्त नहीं है। प्रदेश की योगी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। सच्चाई को दबाने के लिए आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। कार्यकर्ताओं को लाठी से पीटा जा रहा है, सड़क पर घसीटा जा रहा है, जेल भेजा जा रहा है और फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं लेकिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सरकार के इस जुल्म, दमन और तानाशाही से डरने वाले नहीं हैं।

अपने ही घर में नजरबंद आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता वैभव माहेश्वरी ने कहा कि गांधी के देश में हत्यारे और बलात्कारी बेख़ौफ़ खुले में घूम रहे है और इस हिंसा के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले घर में नज़रबद किये जा रहे है । अहिंसा का संदेश देने वाले गांधी की जयंती पर कोई अनशन और उपवास नहीं कर सकता। हत्या, बलात्कार और अपराध के खिलाफ आवाज नहीं उठा सकता। भाजपा सरकार रामराज्य की बात करती है लेकिन योगी की सरकार में आए दिन हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश में राम राज्य है या यम राज्य ?

LIVE TV