उत्तर प्रदेशएटा

एटा में अवैध संबंधों के चलते पति की खौफनाक हत्या, वायरल ऑडियो में प्रेमी बोला- रामसेवक को भगवान के पास पहुंचा दिया

उत्तर प्रदेश के एटा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिलुआ थाना क्षेत्र के भदवास गांव में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को हाईवे के किनारे एक नाले में फेंक दिया गया। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक का शव बरामद हुआ और आरोपी प्रेमी तथा मृतक की पत्नी के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक चौंकाने वाला ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इस पूरी खौफनाक वारदात की पृष्ठभूमि काफी उलझी हुई है। मृतक 40 वर्षीय रामसेवक दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में रहकर गाड़ी चलाता था। साल 2008 में उसकी मुलाकात बिहार के बेगूसराय की रहने वाली सीमा से हुई थी। उस वक्त सीमा की शादी रामसेवक के साथ काम करने वाले एक अन्य व्यक्ति से हो चुकी थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और 2009 में उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली।

रामसेवक और सीमा के दो बच्चे हुए। कहानी में नया मोड़ तब आया जब रामसेवक का रिश्ते का भतीजा आकाश दिल्ली जाकर उनके करीब रहने लगा। इसी दौरान सीमा और आकाश के बीच अवैध संबंध बन गए। जब रामसेवक को इसका पता चला, तो उसने पत्नी को आकाश के साथ छोड़ दिया और खुद अलग रहने लगा।

दीवाली मनाने के लिए 8 नवंबर को रामसेवक अपने बच्चों के साथ गांव भदवास आया हुआ था। गांव में आकाश और सीमा भी मौजूद थे। दीवाली की शाम रामसेवक अचानक लापता हो गया, जिसके बाद उसके भाई भूप सिंह ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि दीवाली की रात आकाश गांव के पास एक ठेके से शराब खरीद रहा था और रामसेवक भी उसके साथ था। मंगलवार को पुलिस को हाईवे के किनारे नाले में रामसेवक का शव मिला। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी, चेहरे पर चोट के गहरे निशान थे और पास ही खून से सना एक पत्थर भी पड़ा था।

हत्या के बाद सामने आए वायरल ऑडियो ने वारदात की पूरी कहानी बयां कर दी। इस ऑडियो में प्रेमी आकाश, सीमा से कह रहा है कि उसने उनके बीच के कांटे रामसेवक को हमेशा के लिए भगवान के पास पहुंचा दिया है। वह सीमा को समझा रहा है कि किसी को कुछ मत बताना, बस यह कहना कि वह शराब पीकर कहीं चला गया है। वह सीमा से सुबह चार बजे बच्चों को लेकर चुपचाप गांव से निकल आने को कहता है। ऑडियो में वह यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि, “बाबू जो कुछ किया है तेरी खातिर किया है।”

मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। एएसपी श्वेताभ पांडेय के मुताबिक, आरोपी पत्नी सीमा को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार प्रेमी आकाश की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

इस दर्दनाक घटना का सबसे स्याह पहलू रामसेवक के दोनों बच्चे (12 साल की बेटी और 8 साल का बेटा) हैं। पिता की हत्या और मां के जेल जाने की वजह से इन मासूमों के सामने भविष्य और परवरिश का गहरा संकट खड़ा हो गया है।

Related Articles

Back to top button