
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना घटी है। यहां विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव से एक 12 वर्षीय बच्चे का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। वहीं, मासूम की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया।
यह पूरा मामला सेमरी गांव का है, जहां केशव प्रसाद अपने घर के पास बिहसड़ा इंटरमीडिएट कॉलेज के करीब चाय-पान की दुकान चलाते हैं। पिछले चार-पांच दिनों से पिंटू नाम का एक युवक उनकी दुकान पर आकर बैठ रहा था। सोमवार शाम करीब चार बजे पिंटू ने केशव के 12 साल के बेटे प्रिंस को बाइक चलाना सिखाने का लालच दिया। मासूम बच्चा उसकी बातों में आ गया और पिंटू उसे अपनी बाइक पर आगे बिठाकर बिहसड़ा बाजार की तरफ ले गया। जब काफी देर तक प्रिंस घर नहीं लौटा और पिंटू का मोबाइल भी बंद आने लगा, तो घबराए परिजनों ने रात में ही पुलिस को इसकी सूचना दी।
अगली सुबह इस मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी पिंटू ने प्रिंस के फुफेरे भाई (केशव के भांजे) आदित्य को फोन कर 50 लाख रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांग ली। फिरौती की कॉल आते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और उसकी तलाश करते हुए लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा फाल के जंगलों तक पहुंच गई। घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़ में गोलियां लगने के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस की सख्त पूछताछ में पिंटू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि अपहरण के बाद वह बच्चे को करीब दो घंटे तक इधर-उधर घुमाता रहा और फिर जंगल में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उसकी निशानदेही पर ही पुलिस ने मासूम का शव जंगल से बरामद किया।
मिर्जापुर की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही थी। पुलिस की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कामापुर, विंध्याचल के रहने वाले आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र को एनकाउंटर के बाद दबोच लिया है।
फिलहाल, बच्चे के शव को कब्जे में लेकर वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।




