
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नौहझील थाना क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 63 (अवाखेड़ा-कटैलिया गांव के बीच) के पास आगरा से नोएडा जाने वाले मार्ग पर दो मैक्स पिकअप गाड़ियों की जोरदार भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार, एक पिकअप का एक्सल टूट जाने के कारण वह सड़क के बीचों-बीच खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार पिकअप ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक, एक्सल टूटने के बाद खराब हुई गाड़ी के चालक और परिचालक अपने वाहन के पास ही खड़े थे और इस भीषण टक्कर की चपेट में आ गए। रात करीब 12 बजे एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त बिहार के सीतामढ़ी जिले के मानपुर गांव निवासी शिव शंकर और इंदल के रूप में हुई है।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाली दूसरी पिकअप का चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने के बाद फरार चालक के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



