
आगरा के डीआरएम (DRM) कार्यालय में तैनात सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM) अभिषेक कुमार की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ड्यूटी खत्म होने के बाद उनका शव उनके ही चैंबर में सोफे पर पड़ा मिला। मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले अभिषेक कुमार का महज चार महीने पहले ही इस पद पर प्रमोशन हुआ था। इससे पहले वह प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे के सतर्कता विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के कारण उनकी ड्यूटी रेलवे कंट्रोल रूम में लगाई गई थी। रात 10 बजे तक काम करने के बाद वह अपने चैंबर में चले गए। इससे पहले उन्होंने अपने कुछ साथियों से तबीयत खराब होने का जिक्र भी किया था।
जब देर रात तक उनका मोबाइल स्विच ऑफ जाने लगा और उनसे संपर्क नहीं हो सका, तो उनकी पत्नी ने चिंतित होकर कंट्रोल रूम में फोन किया। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे अधिकारी उनके चैंबर में पहुंचे, जहां वे सोफे पर बेसुध पड़े मिले।
अभिषेक को आनन-फानन में रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल की शुरुआती जांच में पुलिस को चैंबर के पास वाले कमरे में उल्टी पड़ी मिली और मृतक के नाखून भी नीले पड़ गए थे।
रेलवे के पीआरओ संजय कुमार गौतम ने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



