
उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में जेईई (JEE) की तैयारी कर रहे दो नाबालिग छात्रों की जान चली गई, जबकि एक छात्रा समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तीनपानी फ्लाईओवर पर हुआ, जब कोचिंग से लौट रहे इन छात्रों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कोचिंग से लौटते वक्त हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3:45 बजे चारों छात्र एक ही कोचिंग संस्थान से पढ़ाई कर कार से वापस लौट रहे थे। उनकी कार गौलापार हाईवे से लालकुआं की दिशा में जा रही थी। जैसे ही कार तीनपानी फ्लाईओवर पर पहुंची, चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया।
तेज रफ्तार कार पलटते हुए सीधे डिवाइडर से जा टकराई। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से कार में फंसे लहूलुहान छात्रों को बाहर निकालकर सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) पहुंचाया।
अस्पताल में दो छात्रों ने तोड़ा दम, दो गंभीर सुशीला तिवारी अस्पताल में डॉक्टरों ने ऊंचापुल निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला (पुत्र डॉ. शैलेंद्र धपोला) और देवलचौड़ खाम निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक (पुत्र रवि मोहन पाठक) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में पीलीकोठी निवासी 17 वर्षीय छात्रा भाविका और श्याम विहार निवासी 16 वर्षीय प्रांजल मावड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रांजल की गंभीर हालत को देखते हुए रात में उसके परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे एक निजी अस्पताल में ले गए। बताया जा रहा है कि मृतक उत्कर्ष और घायल प्रांजल के पिता भीमताल स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं।
एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
हादसे की दुखद सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों के इलाज की जानकारी ली और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। इस अचानक हुए हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है।



