उत्तर प्रदेशजौनपुरबड़ी खबर

जौनपुर: 300 मीटर रास्ते के विवाद में युवक ने खुद को लगाई आग, 40 फीसदी झुलसा; प्रधान और पुलिस पर गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में 300 मीटर रास्ते के विवाद को लेकर एक युवक द्वारा खुद को आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरकोनी क्षेत्र के परियावा (लौकरी) गांव की मौर्या बस्ती निवासी 35 वर्षीय दिनेश मौर्या ने शनिवार सुबह अपनी निजी जमीन पर जबरन सड़क निर्माण से क्षुब्ध होकर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया।

इस घटना में दिनेश करीब 40 फीसदी तक झुलस गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने फिलहाल उनकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है।

विवाद की जड़ पीड़ित की निजी भूमि पर सड़क निर्माण को लेकर है। पीड़ित दिनेश का आरोप है कि जब वह अपनी बहन के इलाज के लिए बीएचयू गए हुए थे, तब ग्राम प्रधान और पड़ोसियों ने पूर्व पंचायत के किसी अंतिम फैसले के बिना ही उनकी जमीन पर जबरन निर्माण शुरू करा दिया। जब उनकी पत्नी और बेटे लकी ने इसका विरोध किया, तो पुलिस बुला ली गई।

पीड़ित का गंभीर आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने उनकी पत्नी और बच्चों के साथ बदसलूकी की और घटना का वीडियो बना रहे बेटे का मोबाइल भी छीन लिया। शनिवार भोर में वापस लौटने पर जब दिनेश को इस जबरन निर्माण और परिजनों से अभद्रता की जानकारी हुई, तो उन्होंने आहत होकर खुद को आग के हवाले कर दिया।

मामले के तूल पकड़ने और पुलिस-प्रशासन पर लगे गंभीर आरोपों को देखते हुए जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट किया है कि राजस्व अभिलेखों और नक्शे के अनुसार विवादित स्थल पर कोई सरकारी रास्ता दर्ज नहीं है, बल्कि वह जमीन भूमिधर (काश्तकार) की है।

संभवतः भूमि प्रभावित होने के कारण ही पीड़ित ने निर्माण रोका था। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम सदर, सीओ सिटी सम्यक चौधरी और तहसीलदार सहित पूरी राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Back to top button