
फरीदाबाद के सीही गांव में खेलते समय 250 फुट गहरे बोरवेल में गिरी तीन वर्षीय बच्ची की करीब 10 घंटे लंबे बचाव अभियान के बाद मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। बच्ची को सोमवार (28 सितंबर) को सुबह करीब 4 बजे बोरवेल से निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नेहा नाम की एक बच्ची अन्य बच्चों के साथ खेलते समय बोरवेल में गिर गई। लगभग 10 घंटे चले बचाव अभियान के बाद उसे सुबह करीब 4 बजे बाहर निकाला गया। हालांकि, निकाले जाने के समय उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची के पिता रामदीन के अनुसार, यह बोरवेल फरीदाबाद नगर निगम का है और लगभग 15 वर्षों से बंद पड़ा था। उन्होंने बताया कि यह बोरवेल सिही गांव में नगर निगम की जमीन पर स्थित था और घटना से कुछ दिन पहले ही इसका ढक्कन हटा दिया गया था।जब बच्ची बोरवेल में गिरी, तो पास के अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण और उसका परिवार मौके पर पहुंचे। रामदीन, जो उस समय काम पर थे, ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी ग्रामीणों से मिली। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले रामदीन कई वर्षों से सिही गांव में रह रहे हैं और मजदूर के रूप में काम करते हैं। वे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वहां रहते हैं।



