उत्तर प्रदेशमेरठ

मेरठ में पूर्व एसएसपी अविनाश पांडेय पर किसान नेताओं से मारपीट और यातना के आरोप

मेरठ में तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय और पुलिस टीम पर दो किसान नेताओं के साथ कथित मारपीट और यातना देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दलित नेता मोहित जाटव और गुर्जर नेता दिग्विजय भाटी ने आरोप लगाया है कि उन्हें एसएसपी कार्यालय बुलाकर बंद कमरे में प्रताड़ित किया गया।

आरोप के अनुसार दोनों नेताओं को एसएसपी चैंबर में बुलाया गया, जहां उनके साथ अभद्रता की गई और करीब डेढ़ घंटे तक मारपीट की गई। इसके बाद उन्हें एसओजी के हवाले कर दिया गया, जहां भी कथित रूप से बर्बर व्यवहार किया गया।

मोहित जाटव और दिग्विजय भाटी ने आरोप लगाया कि एसओजी टीम ने उन्हें बांधकर पीटा और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट पहुंचाई। मामले से जुड़ी कुछ तस्वीरें सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया है, जिनमें दिग्विजय भाटी के शरीर पर चोट के निशान और आंख के पास सूजन दिखने का दावा किया गया है।

पीड़ित नेताओं और उनके समर्थकों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने एसएसपी कार्यालय और एसओजी परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की भी मांग उठाई है। कथित घटना के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय को मेरठ से हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध किया जा चुका है। लगाए गए आरोपों पर संबंधित पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button