उत्तर प्रदेश

यूपी में बारिश जारी, मंदाकिनी सहित कई नदियां उफान पर; जौनपुर-प्रयागराज में दीवार गिरने से 4 की मौत

उत्तर प्रदेश में बारिश की रफ्तार जारी है। कई नदियां उफान पर हैं। चित्रकूट की मंदाकिनी नदी में भारी उफान के कारण राम घाट को बंद कर दिया गया है। कई अन्य नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर निकल चुका है। अवध के कई जिलों में नदियां अतिक्रमण कर रही हैं।

बारिश के कारण हादसे भी हुए। जौनपुर और प्रयागराज में दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। अमेठी सहित कुछ अन्य जिलों में भी बारिश से जुड़े हादसे सामने आए। प्रयागराज और वाराणसी में गंगा उफान पर है। प्रयागराज में शहर के अंदर भरे पानी पर हाईकोर्ट ने चिंता जताई है।

दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में बादलों की सक्रियता रही। प्रतापगढ़ में सर्वाधिक 130 मिमी, प्रयागराज में 119.8 मिमी, हरदोई में 101 मिमी, मुजफ्फरनगर में 64.3 मिमी और गोंडा में 60 मिमी बारिश दर्ज हुई।

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए बुंदेलखंड के झांसी, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, जालौन आदि में येलो अलर्ट है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

हाईकोर्ट का निर्देश
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रयागराज शहर में बारिश के पानी को 24 से 48 घंटे में निकालने के लिए आपात उपाय करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति अजित कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने स्वत: संज्ञान याचिका पर नगर आयुक्त को मोरी गेट, दारागंज जैसे जलभराव वाले इलाकों से पानी पंप कर निकालने तथा डीएम को व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

कोर्ट ने कहा कि जलभराव से निचले इलाकों में जमा पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है, जिससे परेशानी और बच्चों के स्वास्थ्य को खतरा पैदा हो गया है। सुनवाई के दौरान डीएम मनीष कुमार वर्मा और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा कोर्ट में मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button