
आगरा के टेढ़ी बगिया की कृष्णा बाग कॉलोनी में दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच विवाहिता मुस्कान की उपचार के दौरान मौत हो गई। मायकेवालों की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने पति आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, धनौली-नारीपुरा निवासी भूपेंद्र की बेटी मुस्कान की शादी 28 फरवरी 2025 को टेढ़ी बगिया निवासी आकाश कुमार से हुई थी। मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ससुरालवाले दहेज के लिए उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे।
10 अगस्त को पति ने मायकेवालों को फोन कर विवाद की जानकारी दी। कुछ देर बाद बताया कि विवाहिता ने तेजाब पी लिया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले में सोमवार को मृतका के मायकेवालों की तहरीर पर दहेज मृत्यु, प्रताड़ना और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में आकाश के अलावा उनके भाई गुड्डू, अनिल और एक महिला को भी आरोपी बनाया गया है। तीनों अभी फरार हैं। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



