
दिल्ली पुलिस द्वारा सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने से एक दिन पहले उनकी पत्नी गीतांजलि जांगमो जंतर मंतर पहुंचीं और पति से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की।
20वें दिन शुक्रवार को पति से मिलकर गीतांजलि ने कहा कि देशभर से लोगों का उन पर दबाव है। उन्होंने वांगचुक से कहा कि हड़ताल खत्म कर अन्य तरीके से आंदोलन जारी रखें, लेकिन वांगचुक अडिग रहे। उन्होंने पत्नी से कहा, “यह मेरा तरीका है और मेरा संकल्प है।”
गीतांजलि ने चिंता जताते हुए कहा कि दिल्ली की गर्मी और नमी में भूख हड़ताल लद्दाख की तुलना में ज्यादा थकान भरी है। उन्होंने कहा, “लद्दाख में 20 दिन की हड़ताल दिल्ली के 40 दिनों के बराबर है।”
वांगचुक का संकल्प
वांगचुक ने समर्थकों से कहा कि वे बाहर से कमजोर हुए हैं लेकिन अंदर से मजबूत हैं। उन्होंने 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च में हिस्सा लेने की अपील की।
शनिवार को भूख हड़ताल के 21वें दिन दिल्ली पुलिस ने वांगचुक को अस्पताल पहुंचा दिया। सफदरजंग अस्पताल के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है लेकिन लगातार निगरानी में हैं।




