
मणिपुर के सेनापति जिले में मंगलवार रात हिंसा भड़क गई। असम राइफल्स के तलाशी अभियान के कुछ घंटे बाद एक बड़ी भीड़ ने कैंप पर पथराव किया, तोड़फोड़ की और सुरक्षा बलों के तीन वाहनों में आग लगा दी।
असम राइफल्स के अनुसार, अभियान खुफिया सूचना के आधार पर चलाया गया था। सूचना मिली थी कि माकुइलोंगदी इलाके में हथियारबंद उग्रवादी घूम रहे हैं, जो संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन था।
तलाशी के दौरान स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं ने जवानों को आगे बढ़ने से रोका। इसके कुछ देर बाद रात करीब 9:30 बजे भीड़ ने असम राइफल्स कैंप पर हमला बोल दिया। हमले में एक हल्का वाहन और दो ट्रक क्षतिग्रस्त हुए। एक आम नागरिक की कार भी आग की चपेट में आ गई।
स्थिति बिगड़ने पर असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ की टीमों ने मिलकर न्यूनतम बल का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मामले की जांच चल रही है।



