
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सचिवालय में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने बैंकों को राज्य भर में क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) अनुपात में सुधार पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कम क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात वाले जिलों में ऋण प्रवाह को बढ़ावा देने के लिए नियमित रूप से जनसंपर्क शिविर आयोजित किए जाएं। बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल में खराब क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल सुधारात्मक उपायों का आह्वान किया।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि “लोगों को सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना चाहिए। इस बीच मुख्यमंत्री धामी ने समाज कल्याण विभाग के कामकाज की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी कल्याणकारी योजनाओं को न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बल्कि अगले 25 वर्षों की चुनौतियों और जरूरतों को भी ध्यान में रखते हुए तैयार करें।



