उत्तराखंड

देहरादून: सीएम धामी ने NIM के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का किया ‘फ्लैग-इन’, साहस और टीम भावना की जमकर की सराहना

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम- NIM), उत्तरकाशी द्वारा सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए चार पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन (स्वागत) किया। इसमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के साथ किया गया माउंट एकॉनकागुआ का प्रतिष्ठित संयुक्त अभियान भी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों और कठिन परिस्थितियों में अदम्य साहस, अनुशासन, तकनीकी कौशल और शानदार टीम भावना का प्रदर्शन करने के लिए सभी पर्वतारोहियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन बेमिसाल उपलब्धियों से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों और खेलों में भाग लेने की प्रेरणा मिलेगी।

अभियानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि अर्जेंटीना में स्थित 6,961 मीटर ऊंचे माउंट एकॉनकागुआ के लिए निम और जिम एंड डब्ल्यूएस के संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया था। छह सदस्यीय इस टीम ने 22 फरवरी, 2026 को सफलतापूर्वक इस चोटी को फतह किया था। इससे पहले इस अभियान दल को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

इसके अतिरिक्त, निम के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित के नेतृत्व में ‘निम नन-कुन अभियान 2026’ भी बेहद सफल रहा। इस जांबाज टीम ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंचे माउंट कुन, 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंचे माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंचे माउंट नन पर तिरंगा फहराया। टीम ने एक ही अभियान के दौरान नन-कुन पर्वत श्रृंखला की इन तीनों दुर्गम चोटियों पर विजय प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर कहा कि पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च-तुंगता (हाई-ऑल्टिट्यूड) प्रशिक्षण के क्षेत्र में निम ने विश्वस्तर पर अपनी एक विशिष्ट और मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संस्थान के कार्यक्रम युवाओं में न केवल पर्वतारोहण कौशल का विकास करते हैं, बल्कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कुशल नेतृत्व और अनुशासन की भावना भी पैदा करते हैं।

सीएम ने यह भी रेखांकित किया कि उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं प्रदान करती है और ऐसे सफल अभियान राज्य को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाते हैं। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा के साथ-साथ निम, जिम एंड डब्ल्यूएस के कई अधिकारी और अभियान दल के सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button