
पुणे के लोहागढ़ किले में मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने कहा है कि अगर उनकी बेटी दोषी पाई गई तो उसे सबसे सख्त सजा दी जाए। उन्होंने यहां तक कहा कि “अगर दोषी है तो उसे उसी किले में ले जाकर उसी जगह से धक्का दे दो।”
पुणे के अस्पताल में भर्ती प्रवीण गोयल ने इंडिया टुडे टीवी को दिए इंटरव्यू में कहा कि वे अभी भी अपनी बेटी पर लगे आरोपों को मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि सिया की गिरफ्तारी की खबर सुनकर उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
पिता ने कहा, “मेरी बेटी कभी झूठ नहीं बोलती थी और सही रास्ते पर चलती थी। मैं अभी भी विश्वास नहीं कर पा रहा कि वह ऐसा कर सकती है।” लेकिन साथ ही उन्होंने साफ किया कि न्याय की राह में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। अगर अदालत दोषी पाती है तो मौत की सजा भी दी जा सकती है।
सिया की मां पूजा गोयल ने बताया कि दोनों के बीच कोई विवाद नहीं दिखा। वे नियमित वीडियो कॉल करते थे, मिलते थे और खुश नजर आते थे। शादी की तैयारियां भी तेज थीं। बाली की प्री-वेडिंग ट्रिप के लिए 50 हजार रुपये खर्च कर चुके थे।
माता-पिता ने कहा कि केतन को वे बेटे की तरह मानते थे और परिवार अभी भी सदमे में है।



