
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में पश्चिमी लंदन के साउथॉल में एक 26 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक भारतीय मूल का था और उसकी पहचान गुरभेज सिंह के रूप में हुई है। यह घटना नॉर्थ रोड पर डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन के पास हुई। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति, जिसकी उम्र संभवतः 30 वर्ष के आसपास है, भी घायल हो गया है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि उन्हें लंदन एम्बुलेंस सेवा से घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर गुरभेज सिंह को चाकू से घायल पाया गया। पैरामेडिक्स ने उन्हें चिकित्सा सहायता प्रदान करने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। गुरभेज सिंह के पास ही एक और घायल व्यक्ति मिला, लेकिन अधिकारियों ने उसकी पहचान उजागर नहीं की है। पुलिस ने चश्मदीदों और स्थानीय लोगों से आगे आकर हत्या के बारे में सुराग देने की अपील की है।



