
अमेरिका के उत्तरी फिलाडेल्फिया में एक हाउसिंग सोसाइटी के अंदर पिज्जा डिलीवरी ड्राइवर के रूप में काम करने वाले एक भारतीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक हैदराबाद का रहने वाला था। यह घटना आधी रात के आसपास घटी जब वह व्यक्ति उत्तरी फिलाडेल्फिया के एडगली स्ट्रीट के 2300 ब्लॉक पर स्थित रेमंड रोसेन होम्स में पिज्जा पहुंचाने पहुंचा। पिज्जा पहुंचाने के बाद उसे सिर में गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, उस भारतीय व्यक्ति ने सोसायटी के एक खाली फ्लैट में पिज्जा पहुंचाया। फिलाडेल्फिया हाउसिंग अथॉरिटी के सीसीटीवी फुटेज में वह दिखा , जिसमें उसे सोसायटी में आते हुए दिखाया गया है, जबकि दो लोग “काले कपड़े पहने और बैग लिए” उसका पीछा करते रहे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं, जिससे पता चलता है कि आरोपी पीड़ित के “बहुत करीब” खड़े थे। पुलिस ने बताया कि मृतक का वाहन भी बरामद कर लिया गया है।


