
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार (11 मई) को बांग्लादेश के साथ सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दे दी। नबन्ना में पहली कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “सीमा सुरक्षा के उद्देश्य से सीमावर्ती क्षेत्रों में बीएसएफ को भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। हमारा लक्ष्य इस हस्तांतरण प्रक्रिया को 45 दिनों के भीतर पूरा करना है। सुवेंदु अधिकारी ने नबन्ना में नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक के दौरान लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने राज्य में केंद्र की प्रमुख स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत को लागू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा, “’आयुष्मान भारत’ योजना बंगाल में शुरू होगी। ‘जन आरोग्य योजना’ और प्रधानमंत्री की अन्य योजनाएं भी यहां लागू की जाएंगी। अधिकारी ने कहा कि मंत्रिमंडल ने मुख्य सचिव को राष्ट्रीय और राज्य कैडर के अधिकारियों को केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भेजने की प्रक्रिया शुरू करने का अधिकार दिया है।



