
भारत को अगले महीने की शुरुआत में रूस से एस-400 ट्रायम्फ सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली की चौथी इकाई मिलने की संभावना है , जिससे भारतीय वायु सेना की हवाई रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करने की उम्मीद है। अक्टूबर 2018 में भारत ने रूस के साथ उन्नत मिसाइल प्रणाली की पांच इकाइयों की खरीद के लिए 5 अरब अमेरिकी डॉलर का सौदा किया था, जिनमें से तीन की डिलीवरी पहले ही हो चुकी है। सूत्रों ने बताया कि हथियार प्रणाली की आपूर्ति के लिए संशोधित समयसीमा के तहत पांचवीं और अंतिम इकाई की डिलीवरी नवंबर तक होने की उम्मीद है।
पिछले महीने, भारत ने रूस से पांच एस-400 मिसाइल प्रणालियों के एक नए बैच की खरीद को मंजूरी दी, जिससे कुल संख्या 10 हो जाएगी। ऐसी जानकारी मिली है कि मिसाइल प्रणाली की चौथी इकाई पहले ही रवाना हो चुकी है और अगले कुछ दिनों में इसके भारत पहुंचने की उम्मीद है। भारत ने सात साल पहले एस-400 मिसाइलों की खरीद के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, इसके बावजूद कि अमेरिका ने चेतावनी दी थी कि अनुबंध को आगे बढ़ाने अमेरिकी प्रतिबंध लग सकते हैं।



