
केंद्र सरकार ने पेट्रोल पंपों पर पैनिक बाइंग और एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी के बीच लॉकडाउन लगाने की अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि कोविड-19 जैसा देशव्यापी लॉकडाउन लगाने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास नहीं है।
मंत्री ने एक्स पर लिखा, “भारत में लॉकडाउन की अफवाहें पूरी तरह झूठी हैं। मैं साफ कहता हूं कि सरकार इस पर कोई विचार नहीं कर रही है। ऐसे समय में हमें शांत, जिम्मेदार और एकजुट रहना चाहिए।”
पुरी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ईंधन, ऊर्जा और जरूरी सामानों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के सामने अपनी मजबूती साबित कर चुका है और आगे भी ऐसा ही करेगा।



