
आईआरजीसी ने शुक्रवार को पुष्टि की कि उसके प्रवक्ता जनरल अली मोहम्मद नैनी एक इजरायली-अमेरिकी मिसाइल हमले में मारे गए हैं। सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने एक्स पर बताया कि नैनी की मौत शुक्रवार तड़के हुई। अली मोहम्मद नैनी की मौत स्थानीय मीडिया में उनके अमेरिका और इजरायल के खिलाफ दिए गए बयानों के कुछ ही घंटों बाद हुई है। इसके अलावा, फ़ार्स समाचार एजेंसी ने नैनी के हवाले से बताया, “हमारी मिसाइल इंडस्ट्री को पूरे अंक मिलने चाहिए… और इस संबंध में कोई चिंता की बात नहीं है, क्योंकि युद्ध की स्थिति में भी हम मिसाइल उत्पादन जारी रखते हैं।
कई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 1957 में ईरान के काशान में जन्मे अली मोहम्मद नैनी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) में द्वितीय ब्रिगेडियर जनरल थे और आईआरजीसी के कमांडर-इन-चीफ हुसैन सलामी द्वारा 2024 में उनकी नियुक्ति के बाद से कोर के आधिकारिक प्रवक्ता और जनसंपर्क उप प्रमुख के रूप में कार्यरत थे।
उन्हें मनोवैज्ञानिक अभियानों, सॉफ्ट पावर और संज्ञानात्मक युद्ध में आईआरजीसी के शीर्ष विशेषज्ञों में से एक के रूप में मान्यता प्राप्त थी। रिपोर्टों के अनुसार, प्रवक्ता नियुक्त होने से पहले, उन्होंने आईआरजीसी और बासिज दोनों में सांस्कृतिक उप-प्रमुख सहित कई प्रभावशाली पदों पर कार्य किया था। 28 फरवरी को अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु के बाद से अमेरिकी-इजरायली हमलों में ईरान के कई शीर्ष नेताओं के मारे जाने के बाद अली मोहम्मद नैनी की मृत्यु हुई है। गुरुवार को इजरायल रक्षा बलों ने घोषणा की कि उन्होंने ईरानी खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब को मार गिराया है।



