विदेश

पश्चिम एशिया तनाव: ईरान ने अमेरिका से बातचीत ठुकराई, लारिजानी बोले- कोई समझौता नहीं

पश्चिम एशिया में इज़राइल-ईरान युद्ध के बीच तनाव चरम पर है। ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी अली लारिजानी ने अमेरिका के साथ किसी भी बातचीत को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज करते हुए कहा कि ईरान अमेरिका से कोई वार्ता नहीं करेगा और मध्यस्थों के जरिए संपर्क की खबरें निराधार हैं।

लारिजानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप ने झूठी उम्मीदों और “भ्रमपूर्ण कार्रवाइयों” से क्षेत्र को अराजकता में धकेल दिया है। अब वे अमेरिकी सैनिकों की मौतों को लेकर चिंतित हैं। लारिजानी ने कहा, ट्रंप ने “अमेरिका फर्स्ट” को “इज़राइल फर्स्ट” में बदल दिया और अमेरिकी सैनिकों को बलिदान दिया।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि अमेरिकी सैनिकों की मौत का बदला लिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि संघर्ष खत्म होने से पहले और जानें जा सकती हैं, लेकिन ईरान के नए नेतृत्व से बातचीत के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा, “वे बात करना चाहते हैं और मैंने सहमति दे दी है।”

खामेनेई की मौत के बाद हमले जारी
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद अमेरिका-इज़राइल ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर भीषण बमबारी की। तेहरान समेत शहरों में धमाकों से इमारतें हिल गईं। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, हमलों से 200 से अधिक मौतें हुईं, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। ईरान ने जवाबी हमले जारी रखे हैं।

स्थिति तेजी से बदल रही है और बड़े संघर्ष का खतरा बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button