
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच मई 2025 के सैन्य टकराव को रोकने का श्रेय लिया है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों पर 200 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी देकर युद्ध रोका, और इस दौरान 11 बहुत महंगे फाइटर जेट गिराए गए।
ट्रंप ने वाशिंगटन में बोर्ड ऑफ पीस की पहली बैठक में कहा, “युद्ध जोरों पर था। प्लेन गिराए जा रहे थे। 11 जेट गिरे, बहुत महंगे जेट। मैंने मोदी और शरीफ से फोन पर बात की। कहा, अगर लड़ाई जारी रही तो दोनों पर 200% टैरिफ लगा दूंगा। पैसों की बात आई तो दोनों ने लड़ाई छोड़ दी।”
ट्रंप ने पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ के हवाले से कहा कि उन्होंने उनके सामने स्वीकार किया कि ट्रंप ने 25 मिलियन जिंदगियां बचाईं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अच्छी तरह जानने का भी जिक्र किया।
ट्रंप ने पहले भी कई बार ऐसा दावा किया है, लेकिन संख्या बढ़ाते गए हैं (पहले 7-8, अब 11)। भारत ने इन दावों को बार-बार खारिज किया है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि कोई तीसरा पक्ष शामिल नहीं था—यह DGMO स्तर पर दोनों देशों के बीच सीधे तय हुआ।



