
उत्तर प्रदेश सरकार ने चीनी मांझे (Chinese Manjha) के इस्तेमाल, बिक्री और स्टॉक पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के बाजारखाला (हैदरगंज ओवरब्रिज) में एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद यह बड़ा फैसला लिया।
मृतक मोहम्मद शोएब (33) बाइक चला रहे थे, तभी चीनी मांझा उनके गले में फंस गया। इससे गले की नस कट गई और खून बहने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को पूरे प्रदेश में छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब चीनी मांझे से होने वाली मौतों को हत्या की श्रेणी में माना जाएगा और उसी आधार पर कार्रवाई होगी।
सीएम ने अफसरों से सवाल किया कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में यह कैसे बिक रहा है। पूरे राज्य में कार्रवाई की उच्च स्तरीय समीक्षा होगी।
नोट: उत्तर प्रदेश में पहले से ही एनजीटी और कोर्ट के आदेश पर चीनी मांझे पर प्रतिबंध था, लेकिन इसका अवैध इस्तेमाल जारी था। इस घटना ने सरकार को और सख्त होने के लिए मजबूर किया।



