
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को घोषणा की कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर सहमति बन गई है। ट्रंप ने पीएम नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के बाद रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% करने का ऐलान किया। इसे उन्होंने “दोस्ती और सम्मान” का इशारा बताया।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा: “पीएम मोदी के अनुरोध पर तुरंत प्रभाव से अमेरिका भारत पर 18% टैरिफ लगाएगा। भारत भी अमेरिका के खिलाफ टैरिफ और नॉन-टैरिफ बैरियर को जीरो करेगा।” ट्रंप ने दावा किया कि मोदी ने रूसी तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका व वेनेजुएला से ज्यादा तेल आयात करने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि इससे यूक्रेन युद्ध जल्द खत्म हो सकता है।
ट्रंप ने आगे कहा कि मोदी ने अमेरिका से $500 बिलियन से ज्यादा की ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद खरीदने का वादा किया है। दोनों नेताओं को “चीजें करवाने वाले” बताया।
पीएम मोदी ने ट्रंप के ऐलान का स्वागत करते हुए कहा: “1.4 अरब भारतीयों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद। ‘मेड इन इंडिया’ उत्पाद अब 18% टैरिफ पर आएंगे।”
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि यह सफल परिणाम है और टैरिफ 18% तय हुआ है।



