उत्तर प्रदेशसहारनपुर

सहारनपुर: BJP मंडल उपाध्यक्ष धर्म सिंह कोरी की माथे में गोली मारकर हत्या, खेत में चारपाई पर मिला खून से लथपथ शव

सहारनपुर जिले के अंबेहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत टिडौली गांव में शुक्रवार देर रात खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। भाजपा के अंबेहटा मंडल उपाध्यक्ष धर्म सिंह कोरी (65-70) की अज्ञात हमलावरों ने माथे में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।

रोज की तरह रात में घर के पास घेर (खेत) में चारपाई पर सो रहे धर्म सिंह का शव शनिवार सुबह उनकी पुत्रवधू ने देखा तो चीखें निकल गईं। माथे के बीच गोली का निशान, खून से लथपथ शरीर और चादर ओढ़ी हुई – मानो हत्यारा गोली मारने के बाद शव को ढककर आराम से फरार हो गया।

परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर SSP सहारनपुर डॉ. विपिन ताडा, ASP ग्रामीण और थाना प्रभारी की टीमें पहुंचीं। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने साक्ष्य जुटाए, डॉग स्क्वॉड बुलाया गया और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रथम दृष्टया करीबी गोली मारकर हत्या लग रही है, लेकिन हथियार बरामद नहीं हुआ।

धर्म सिंह कोरी भाजपा के सक्रिय नेता थे। उनके बेटे भी पार्टी में मंडल महामंत्री हैं। गांव वालों का कहना है कि धर्म सिंह का किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। फिर इतनी बेरहमी से हत्या क्यों? पुलिस पुरानी रंजिश, संपत्ति विवाद या राजनीतिक साजिश के एंगल से जांच कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button