दुनियाभर में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच कई देशों ने वैक्सीनेशन को और भी तेज कर दिया है। वहीं ब्राजील में राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो की अपत्तियों के बावजूद बच्चों के टीकाकरण को मंजूरी दी गई। शुक्रवार को ही यहां 5 से 11 साल के बच्चों के टीकाकरण की शुरुआत हुई।

राज्य के गवर्नर जोआओ डोरिया की मौजूदगी में साओ पाउलो के एक अस्पताल में बच्चों का टीकाकरण शुरु हुआ। यहां पहला टीका 8 वर्षीय डेवी सेरेम्रामिवे जावंत को लगा। ज्ञात हो कि ब्राजील में वयस्कों के टीकाकरण की शुरुआत भी जनवरी 2021 में साओ पाउलो से ही हुई थी।
आपको बता दें कि राष्ट्रपति बोल्सोनारो टीकाकरण की लगातार आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों के टीकाकरण का भी विरोध किया है। उन्होंने साफतौर पर कहा कि वह अपनी बेटी को टीका नहीं लगवाएंगे। बोल्सोनारो आरंभ से ही वैक्सीन के खिलाफ रहे हैं। ज्ञात हो कि कुछ माह पहले अमेरिका के एक रेस्टोरेंट में उन्हें सिर्फ इसलिए एंट्री नहीं दी गयी थी क्योकि उनके पास वैक्सीन का सर्टिफिकेट मौजूद नहीं था। राष्ट्रपति बोल्सोनारो का साफतौर पर कहना है कि उनको वैक्सीन की जरूरत नहीं है। उनकी इम्युनिटी कोरोना से लड़ने के लिए काफी मजबूत है।