
देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Former PM Manmohan Singh) की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। वे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक़ उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। इस बीच कई कांग्रेसी (Congress) नेताओं द्वारा उनकी शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। इन नेताओं में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार समेत कांग्रेस के कई अन्य नेताों के नाम शामिल हैं।

एक सूत्र के मुताबिक़ पूर्व प्रधानमंत्री को दो दिन पहले उन्हें बुखार आया था जिसके बाद उन्हें चिकित्सकों की सलाह पर एम्स में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें रखा गया है। हालांकि सूत्र ने बताया कि ज़्यादा चिंता की कोई बात नहीं है। एम्स की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि, “89 साल के कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री मनमोहन सिंह को बुखार के कारण दिल्ली के एम्स में भर्ती किया गया है। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।”
इस बीच पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए ट्वीट किया कि, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने और अच्छी सेहत की कामना करता हूं।” उनके अलावा कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी ट्वीट कर कहा, “मनमोहन सिंह जी के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा, “अस्पताल में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के बारे में जानकारी मिली. मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वह जल्दी ठीक हो कर घर आ जाएं।” वहीं हाल ही में पंजाब में मुख्यमंत्री पद से हटाए गए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट में लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” बता दें कि एम्स में भर्ती होने के बाद कई बीजेपी नेताओं की तरफ से भी पूर्व प्रधानमंत्री के स्वस्थ होने की कामना की गई है।