
उत्तर प्रदेश का अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय अक्सर सुर्खियों में रहता है। वहीं इस बार वह जिन्ना की तस्वीर को लेकर चर्चाओं में आया है। दरअसल, यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने रविवार की शाम एक अनोखा प्रदर्शन किया। भाजपा के युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क थाना इलाके के पुराने रोडवेज बस स्टैंड के परिसर में बने सार्वजनिक शौचालय में जिन्ना की तस्वीर लगा दी।

भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की मांग है कि जब तक विश्वविद्यालय के यूनियन हॉल से मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर हट नहीं जाती। तब तक वह इसका विरोध करते रहेंगे। मंडल प्रवक्ता शिवांग तिवारी का कहना है कि मैंने शौचालय में जिन्ना की तस्वीर चस्पा की है, क्योंकि जिन्ना की तस्वीर एएमयू के छात्र संघ हॉल में की बजाय शौचालय में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन्ना ने भारत माता के टुकड़े किए, वह भारत का विलेन है। उसकी तस्वीर छात्र संघ हॉल में नहीं होनी चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले 9 सितंबर को भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी से जिन्ना की तस्वीर हटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खून से चिठ्ठी लिखी थी। कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा था।