प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा-यौन उत्पीड़न मामले में डीएनए जांच कराए सरकार
भाजपा विधायक पर एक महिला की ओर से लगाए जा रहे यौन उत्पीडऩ के आरोपों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकार को निशाने पर लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि महिला की मांग के मुताबिक उसकी बच्ची की डीएनए जांच सरकार को करानी चाहिए। उन्होंने विधायक से त्यागपत्र देने की मांग भी की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि उक्त महिला ने वायरल वीडियो में भाजपा के द्वाराहाट विधायक के बारे में कई बातें कहीं हैं। साथ में पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा है। इससे पता चलता है कि दाल में कुछ काला है। सरकार को महिला की डीएनए जांच कराने मांग को मानना चाहिए। इससे सच सामने आएगा। उन्होंने उक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए विधायक से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ पर जोर देने वाली सरकार में बेटी खतरे में है। इस मामले में सत्ता में बैठे लोग मौन हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की ओर से गैरसैंण में भूमि खरीद के मामले में उन्होंने कहा कि जिसके पास पैसा होगा, वही जमीन खरीदेगा। मुख्यमंत्री ने निजी हैसियत से जमीन खरीदी है।
पूर्व सीएम हरीश रावत से प्रीतम ने की मुलाकात
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत के आवास पर जाकर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालचंद शर्मा भी मौजूद थे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बीती 15 अगस्त को हरिद्वार में बैलगाड़ी पर प्रदर्शन के दौरान अस्वस्थ हो गए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्लिप डिस्क से अस्वस्थ होने की जानकारी दी थी।