
नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने इस बार एक ऐसा काम किया है जिसके लिए उनकी जितनी तारीफ की जाए वो कम है। आवाज के जादूगर सोनू निगम ने आईटीबीपी के लिए एक गाना गाया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह गाना पहले लिखा गया था। अब इसे एक नए अंदाज में पेश किया गया है।
केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि ने आईटीबीपी हेडक्वार्टर में इस गाने को रिलीज किया। अधिकारी ने बताया कि फोर्स के करीब 90 हजार जवानों ने यह गाना गाने के लिए सोनू निगम से रिक्वेस्ट की थी। सोनू ने भी जवानों की बात मानी और इस गाने को गाया।
अब अगर आप यह सोच रहे हैं कि यह किस तरह का गाना है तो बता दें कि यह एक प्रेरणा दायक गाना है। इसमें जवानों के कामकाज के तरीके को बताया गया है।
इस गाने में जवानों को ‘हिमवीर’ कहा गया है। इस गाने की वीडियो में आईटीबीपी की बॉर्डर पोस्ट और आधुनिक हथियारों से लैस जवान दिखाए गए हैं।