
रिपोर्ट- जावेद चौधरी
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में नेपाल से लाकर 28 लड़कियों को इंदिरापुरम में रखा गया था। दो मकानों में लड़कियों को कैद करके रखा गया था। गाजियाबाद और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से मामले का खुलासा इंदिरापुरम में किया। बताया जा रहा है कि लड़कियों को गल्फ कंट्री में भेजा जाता था। लड़कियों के बरामदगी के इस मामले को ह्यूमन ट्रैफिकिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में दो फ्लैट से 28 लड़कियां आजाद कराई गई हैं। सभी लड़कियां नेपाल की रहने वाली बताई जा रही है। मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें से केदारनाथ नाम का शख्स मुख्य बताया जा रहा है, जो एजेंट है।
भारत में इन लड़कियों को केदारनाथ के पास ही रखा जाता था। और केदारनाथ इसके एवज में 5000 हजार रूपए प्रति लड़की चार्ज किया करता था। कुछ दिनों तक लड़कियों को गाजियाबाद में रखने के बाद गल्फ कंट्री में भेजा जाता था। जहां पर उनसे घरेलू काम कराया जाता था ।
हालांकि एसएसपी गाजियाबाद वैभव कृष्ण ने कहा है कि लड़कियों के साथ किसी तरह का सेक्सुअल एसॉल्ट नहीं हुआ है। लेकिन इस पर जांच की जा रही है। कुछ लड़कियों ने पुलिस पूछताछ में यह भी बताया है कि हम को कमरे में बंद करके रखा गया था।
दरअसल एजेंट केदारनाथ का कहना है कि उसकी प्लेसमेंट एजेंसी बकायदा रजिस्टर्ड है। जिसके दस्तावेज वह पुलिस को मुहैया करा देगा। केदारनाथ खुद भी नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस को दिल्ली में काम करने वाली एक नौकरानी के माध्यम से पता चला था कि गाजियाबाद में नेपाल से आई लड़कियां रखी गई है। उसके बाद दिल्ली पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस से संपर्क साधा, और उसके बाद गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके के 2 फ्लैट में से यह खुलासा हुआ कि वहां पर नेपाल से आई लड़कियां रखी गई है।
यह भी पढ़े: कांग्रेस प्रमुख सोनिया की पुत्री प्रियंका गांधी लापता, ढूंढने में लगा पूरा संसदीय क्षेत्र
पुलिस अभी सभी दस्तावेजों का इंतजार कर रही है। फिलहाल मुकदमा दर्ज करके पांचों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। सभी पहलुओं पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। लेकिन अगर यह मामला वाकई ह्यूमन ट्रैफिकिंग का है।
तो साफ है गल्फ कंट्री में भेजे जाने वाली लड़कियां नेपाल से पहले दिल्ली एनसीआर लाई जाती हैं। और फिर उसके बाद इनको भेजा जाता है जहां पर इनके शोषण का शक है।