
मध्य प्रदेश के धार जिले में देर रात एक एसयूवी से टक्कर के बाद एक पिकअप वाहन पलट जाने से दो बच्चों सहित कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तिरला पुलिस थाना क्षेत्र के चिक्लिया में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, अमझेरा जा रही एक पिकअप वैन, जिसमें करीब 40 मजदूर अपने बच्चों समेत सवार थे, एक स्कॉर्पियो से टकरा गई और पलट गई, जिससे कई लोगों की मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद, राहगीर और स्थानीय निवासी घटनास्थल पर पहुंचे और पलटी हुई गाड़ी के नीचे फंसे पीड़ितों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और शव सड़क पर पड़े हुए देखे गए। सूचना मिलते ही तिरला पुलिस स्टेशन के कर्मी और प्रशासनिक अधिकारी बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बताया, “अधिक भीड़ के कारण पिक-अप वैन के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप वह एक अन्य वाहन से टकरा गई और पलट गई। जिला अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यपाल ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “इस दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो गई है।




