मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में चल रहे सबसे बड़े किडनी रैकेट का भंडाफोड़

हीरानंदानी अस्पतालमुंबई : मुंबई के प्रसिद्ध हीरानंदानी अस्पताल में किडनी रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है| पुलिस ने अस्पताल के सीईओ और मेडिकल डायरेक्टर सहित अब तक कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है| देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में यह अब तक का सबसे बड़ा किडनी रैकेट बताया जा रहा है|

पुलिस ने अस्पताल के सीईओ डॉक्टर सुजीत चटर्जी समेत अन्य 4 बड़े डॉक्टर्स को भी गिरफ्तार कर लिया है| सभी आरोपियों पर मानव अंग प्रत्यार्पण कानून 1994 के तहत मामला दर्ज किया गया है|

पुलिस के अनुसार, अस्पताल में फर्जी दस्तावेजों की मदद से नकली रिश्तेदार बना कर अवैध तरीके से किडनी बेचने का काम हो रहा था| एक किडनी ट्रांसप्लांट के बदले में मरीजों से 25 से 30 लाख रुपये लिए जाते थे| जबकि किडनी देने वालों को कुछ हजार रुपये देकर ही चुप करा दिया जाता था|

मामले की हक़ीक़त पिछले महीने की 14 जुलाई को सामने आयी थी| जब एक किडनी डोनर ने सामाजिक संस्था के साथ मिलकर छापा मारकर इस रैकेट का भंडाफोड़ करवाया| उस समय डॉक्टर एक किडनी ट्रांसप्लांट करने ही वाले थे| इस छापे में यह बात पता चली कि जिस डोनर महिला को मरीज की पत्नी बताया गया था वह उसकी पत्नी थी ही नहीं|

पुलिस का अंदाजा है की इस गिरोह ने अब तक फर्जी तरीके से लगभग 50 किडनी ट्रांसप्लांट करवाये हैं| फिलहाल पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है| पुलिस सभी किडनी ट्रांसप्लांट के फाइल्स को दुबारा से खंगालने में लगी है और जल्द ही कुछ अन्य लोगों के गिरफ्तार होने कई भी संभावना जताई जा रही है|

LIVE TV