हाथरस की घटना पर आगरा में उबाल, जमकर हुआ पथराव

हाथरस की घटना को लेकर सफाई कर्मचारियों का आक्रोश थम नहीं रहा है। आगरा में लगातार चौथे दिन भी सफाई कर्मचारी काम पर नहीं लौटे। यहीं नहीं इस बीच शनिवार को सफाई कर्मचारी और अधिकारियों के बीच तकरार भी हुई। आवास विकास कॉलोनी में स्वच्छता निरीक्षक औऱ जोनल अधिकारी तक को बंधक बना लिया गया। जबकि मीना बाजार के आस पास नगर निगम के आईटीएच वर्कशॉप पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने हंगामा किया। युवकों की ओऱ से किये गये पथराव के बाद अफरा-तफरी मच गयी।

आपको बता दें कि हाथरस कांड के बाद सफाई कर्मचारियों ने चार दिनों से कूड़ा नहीं उठाया है। जिसके चलते कई जगहों पर कूड़े का ढेर लग गया है। वहीं वाल्मीकि समाज के पदाधिकारियों ने वार्ता के बाद तय किया है कि सफाईकर्मी काम पर वापस लौट जाएंगे लेकिन शनिवार सुबह भी सफाई कर्मचारी वापस नहीं लौटे और उन्होंने समझौते को नकार दिया। बता दें कि मीना बाजार के पास वाल्मीकि समाज के लोगों ने हंगामा किया और हाथरस की पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।

LIVE TV