सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की फिर से बिगड़ी तबियत, मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हुईं भर्ती

समाचार एजेंसी एएनआइ ने सांसद के कार्यालय के हवाले से बताया है कि भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद मुंबई ले जाया गया है। प्रज्ञा को कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। यह पहली बार नहीं है जब प्रज्ञा को अचानक अस्पताल ले जाया गया हो। पिछले महीने भी प्रज्ञा को अचानक से तबीयत बिगड़ जाने के कारण दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब भी बतया गया था कि प्रज्ञा को सांस लेने में तकलीफ हो रही है।

2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्रज्ञा को भोपाल से टिकेट दिया था जहाँ से उन्होंने कांग्रेस के दिग्‍गज नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भारी मतों से पछाड़ लोकसभा में एंट्री की थी। बता दें कि प्रज्ञा साल 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले की आरोपी हैं। प्रज्ञा के अलावा, एलटी कर्नल पुरोहित, चतुर्वेदी और कुलकर्णी, अजय रहीरकर, सेवानिवृत्त मेजर रमेश उपाध्याय और सुधाकर द्विवेदी के खिलाफ भी मामला दर्ज है.

पिछली बार जब इस मामले में सुनवाई हुई थी तो इन सात अभियुक्तों में से चार अदालत में उपस्थित हुए थे जबकि 19 दिसंबर को एनआईए की विशेष अदालत में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित और सुधाकर चतुर्वेदी सहित तीन आरोपी पेश नहीं हुए थे। स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण प्रज्ञा सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था। अदालत के निर्देश अनुसार प्रज्ञा सिंह ठाकुर समेत अन्य आरोपियों को सुनवाई के दौरान पेश होना था।

मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपियों पर गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। आरोपियों पर धारा 16 (आतंकवादी कार्य करना) और 18 (आतंकवादी कार्य करने की साजिश) यूएपीए और धारा 120 (बी) (आपराधिक साजिश), 302 (हत्या), 307 (हत्या का प्रयास), 324 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 153 (क) (दो धार्मिक समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं।

LIVE TV