जावेद जाफरी कर सकते हैं सपा का प्रचार, नहीं रही चुनाव में उतरने की इच्छा

सपा का प्रचारलखनऊ। उत्तर प्रदेश के चुनावी समर में मतदाताओं को आकर्षित करने की होड़ तेज हो चुकी है। पिछले चुनाव बताते हैं कि राजनैतिक दलों ने मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए फिल्म कलाकारों का सहारा लेने से भी गुरेज नहीं किया। इस बार फिल्म अभिनेता जावेद जाफरी समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए प्रचार कर सकते हैं। सूत्र ने कहा, “अभिनेता जावेद जाफरी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के काम और नीतियों से खासे प्रभावित हैं। वह मुख्यमंत्री के लिए मैदान में भी उतर सकते हैं। अभी हाल ही में फिल्म विकास परिषद के सदस्य विशाल कपूर से जावेद जाफरी ने मुलाकात की है।” जावेद सपा का प्रचार भी कर सकते हैं।

सपा का प्रचार होगा खास

सूत्र के अनुसार, यदि अखिलेश चाहेंगे तो वह उनके लिए जनता के बीच जा सकते हैं। हालांकि, जावेद जाफरी खुद अब चुनाव मैदान में उतरने के कतई इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने अभी कुछ समय पूर्व राजभवन में हुए कार्यक्रम में मीडिया के सामने भी मुख्यमंत्री के कामों को सराहा था।

राजभवन में जिस प्रकार से उन्होंने मुख्यमंत्री की तारीफ की थी, उससे राजनैतिक हलकों में यह कयास लगाया जा रहा है कि वह अखिलेश के लिए वोट भी मांग सकते हैं। फिल्म विकास परिषद के सदस्य विशाल कपूर से हुई उनकी मुलाकात को इस दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

जावेद जाफरी आम आदमी पार्टी (आप) के टिकट पर लखनऊ से पिछला लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

LIVE TV