
रिपोर्ट- विनीत तिवारी
हमीरपुर। यहां शराब के नशे में बारातियों द्वारा उत्पात मचाना दूल्हे को महंगा पड़ गया। इस उत्पात से नाराज लड़की ने शादी से इनकार करते हुए बारात को बैरंग वापस कर दिया। इस घटना के बाद शादी के घर में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन लड़की शादी न करने की जिद पर अड़ गई। बारात को बगैर दुल्हन ही लौटना पड़ा।
शादी में विलेन बने बाराती
मामला हमीरपुर जनपद के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंदपुरवा गांव का है। बीती रात 30 जून को मुन्ना सिंह की बेटी भावना की शादी महोबा जनपद के बकरबाई गांव के निवासी वीर सिंह के पुत्र लोकेंद्र के साथ होनी थी।
लड़के वाले बड़ी धूम-धाम के साथ बारात लेकर लड़की के यहां पहुंचे। रस्में पूरी हो ही रही थी कि अचानक बारातियों ने शराब के नशे में उत्पात मचाना शुरू कर दिया और देखते ही देखते उन्होंने तोड़फोड़ और मारपीट शुरू कर दी।
इतना ही नहीं बारातियों ने खाना बना रहे हलवाईयों को भी जमकर पीटा। इस घटना से लड़की पक्ष में हड़कंप मच गया। वहीँ बारातियों का दुर्व्यहार देख लड़की भावना नाराज हो गई और उसने शादी करने से इनकार कर दिया।
दुल्हे के घरवालों ने लड़की को समझाने की बड़ी कोशिश की लेकिन वो नहीं मानी। इसके बाद बारात को बगैर दुल्हन के वापस लौटना पड़ा।