लॉकडाउन भले चला गया हो, लेकिन कोरोना वायरस नहीं गया है:PM मोदी

कोरोना महामारी संकट के बीच पीएम मोदी ने मंगलवार को सातवीं बार राष्‍ट्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि एक कठिन समय से निकलकर हम आगे बढ़ रहे हैं. थोड़ी सी लापरवाही हमारी गति को रोक सकती है. हमारी खुशियों को धूमिल कर सकती है। जीवन की जिम्मेदारियों को निभाना और सतर्कता ये दोनो साथ-साथ चलेंगे तभी जीवन में खुशीयां बनी रहेंगी।

देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में फैटेलिटी रेट कम है, रिकवरी रेट ज्यादा है। अमेरिका और ब्राजील जैसे देशों में 10 लाख लोगों में संक्रमितों का आंकड़ा 25 हजार के पास है। भारत में 10 लाख लोगों में मृत्यु दर 83 है। अमेरिका, ब्राजील, ब्रिटेन जैसे देशों में ये आँकड़ा 600 के पार है। साधन-संपन्न देशों की तुलना में भारत अपने ज्यादा से ज्यादा नागरिकों की जान बचाने में सफल रहा है।

उन्होंने बताया कि देश में कोरोना मरीजों के लिए 90 लाख से ज्यादा बेड्स उपलब्ध हैं। 12 हजार क्वारैंटाइन सेंटर्स हैं। कोरोना टेस्टिंग की 2 हजार लैब काम कर रही हैं। देश में टेस्ट की संख्या जल्द ही 10 करोड़ के आंकड़े को पार कर जाएगी। कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई में टेस्ट की बढ़ती संख्या हमारी बड़ी ताकत रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि सेवा परमो धर्म के मंत्र पर चलते हुए हमारे डॉक्टर,नर्स, हेल्थ वर्कर, सुरक्षा कर्मियों ने इतनी बड़ी आबादी की निस्वार्थ सेवा की। इन सभी प्रयासों के बीच ये समय लापरवाह होने का नहीं है। ये समय ये मान लेने का नहीं है कि कोरोना चला गया या फिर अब कोरोना से कोई खतरा नहीं है।


पीएम मोदी ने कहा कि हाल के दिनों में हम सबने बहुत सी तस्वीरें और वीडियो देखे हैं, इनमें साफ दिखता है कि कई लोगों ने अब सावधानी बरतना बंद कर दिया है या फिर बहुत ढिलाई ले आए हैं। ये ठीक नहीं है। आप लापरवाही बरत रहे हैं और बिना मास्क के बाहर निकल रहे हैं तो आप अपने आपको और अपने परिवार को, बच्चों को, बुजुर्गों को उतने ही बड़े संकट में डाल रहे हैं।


पीएम मोदी ने कहा अमेरिका हो या फिर यूरोप के दूसरे देश में जहां कोरोना के मामले कम हो रहे थे, पर अचानक से बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। साथियों संत कबीर दास ने कहा है कि पकी खेती देखि के गर्व किया किसान, अजहूं झोला बहुत है, घर आवे तब जान। अर्थात कई बार हम पकी हुई फसल देखकर अतिआत्मविश्वास से भर जाते हैं। लेकिन, फसल घर ना आ जाए तब तक काम पूरा नहीं मानना चाहिए।


उन्होंने बोला कि जब तक सफलता पूरी ना मिल जाए, लापरवाही नहीं करनी चाहिए। जब तक इस महामारी की वैक्सीन नहीं आ जाती, हमें कमजोर नहीं पड़ना है। बरसों बाद हम ऐसा देख रहे हैं कि मानवता को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर पूरी दुनिया में काम हो रहा है। अनेक देश काम कर रहे हैं और हमारे देश के वैज्ञानिक भी जी-जान से इसमें जुटे हैं। भारत में भी कई वैक्सीन पर काम चल रहा है।


वे बोले कि त्योहारों का समय हमारे जीवन में खुशियों और उल्लास का समय है। एक कठिन समय से आगे निकलकर हम आगे बढ़ रहे हैं। जीवन की जिम्मेदारियों को निभाना और सतर्कता दोनों साथ-साथ चलेंगे तभी जीवन में खुशियां बनी रहेंगी। दो गज की दूरी, साबुन से हाथ धुलना, मास्क लगाना, इसका ध्यान रखिए।


पीएम मोदी ने कहा आप सबसे करबद्ध प्रार्थना करता हूं कि आपको और आपके परिवार को सुरक्षित और सुखी देखना चाहता हूं। उत्साह और उमंग वाला वातावरण चाहता हूं। मैं इसीलिए बार-बार हर देशवासी से आग्रह करता हूं। मीडिया, सोशल मीडिया से आग्रह से कहता हूं कि आप जागरूकता लाने के लिए, इन नियमों का पालन करने के लिए जितना जन जागरण अभियान करेंगे, ये देश के लिए सेवा होगी।

LIVE TV