लखीमपुर : कर्फ्यू में ढील, हालात सामान्य की तरफ

लखीमपुरलखनऊ। लखीमपुर खीरी में गुरुवार रात धार्मिक भावनाओं को भड़कानें वाला वीडियो वायरल होने के बाद लगाए गए कर्फ्यू में शनिवार को प्रशासन ने 15 घंटे की ढील दी थी। इस दौरान कहीं कोई बड़ा बवाल, हंगामा सामने नहीं आया है। रविवार को भी सुबह छह से ढील रहेगी।

प्रशासन ने शहर के सुधरते हालात के चलते राहत की सांस ली है। शनिवार को सुबह छह बजे से रात के नौ बजे तक कर्फ्यू में ढील रही। इस दौरान आईजी ए. सतीश गणेश, डीआईजी प्रवीण कुमार, कमिश्नर भुवनेश कुमार हालात पर नजर बनाए रहे।

इस दौरान शहर में कई बार अलग-अलग अफवाहें फैलती रहीं। उनको रोकने के लिए प्रशासन ने दिन में कई बार एनाउंस कर सूचना दी।

डीएम आकाशदीप और एसपी मनोज झा ने बताया कि रविवार को सुबह छह बजे से कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। इस दौरान हालात सामान्य रहे तो कर्फ्यू हटाया भी जा सकता है। डीएम ने बताया कि अब तक बवाल के बाद 53 लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। इनमें से 42 लोगों को शांतिभंग की आशंका में जेल भेजा गया है। बाकी अन्य धाराओं में जेल गए हैं।

वीडियोकांड के दोनों आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। उधर लहबड़ी में प्रतिबंधित पशु हत्या के सभी सातों आरोपियों पर गैंगेस्टर लगा दिया गया है। गोलीकांड के आरोपी नसीम की धारा 307 में रिमांड लेने की कार्रवाई की गई है।

LIVE TV